
Health Problem: गर्मियों में अक्सर खाने का मन नहीं करता और अगर इस मौसम में तैलीय, मसालेदार खाना खाया जाए, तो उसे पचने में काफी समय लगता है, जिससे कभी लंच तो कभी डिनर छोड़ना पड़ता है। बाद में जब भूख लगती है, तो चिप्स, मैगी, कोल्ड ड्रिंक जैसे चीजों से भूख मिटाने की कोशिश की जाती है, जिससे मोटापा बढ़ता है और साथ ही कोलेस्ट्रॉल और डायबिटीज का खतरा भी बढ़ जाता है। गर्मियों में दूसरी समस्या जो देखी जाती है वह है ब्लोटिंग, गैस और बदहजमी। इन सभी समस्याओं से निपटते हुए स्वस्थ रहना एक चुनौती बन जाता है।
सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें वह लोगों को गर्मियों में स्वस्थ रहने के तरीके बता रही हैं। इसके लिए आपको बहुत मेहनत करने की जरूरत नहीं है। बस आपको अपने खाने पर थोड़ा ध्यान देना होगा। आइए जानते हैं ये टिप्स क्या हैं।
1. सुबह कुछ मौसमी फल खाएं। इस मौसम में तरबूज, आम, लीची, मौसमी, चीकू, अनानास जैसे कई फल उपलब्ध होते हैं। सभी लाभकारी हैं, लेकिन रसदार फलों को खाने की कोशिश करें क्योंकि यह शरीर को हाइड्रेटेड भी रखते हैं।
2. लंच में बहुत ज्यादा मसालेदार दाल-सब्जियों की जगह दही-चावल खाएं। गर्मियों में दही का सेवन पेट को ठंडा रखता है और बदहजमी, गैस, एसिडिटी जैसी समस्याओं को दूर रखता है। इस स्वस्थ लंच का आनंद अचार, पापड़ के साथ लें।
3. एक चम्मच गुलकंद को एक गिलास पानी में मिलाएं। दोनों चीजों को अच्छी तरह मिलाकर धीरे-धीरे पिएं। गिलास के तल पर बचा हुआ गुलकंद फेंकने की बजाय चबाकर खा लें। आपको यह उपाय खाने के बाद अपनाना है। इससे नींद की गुणवत्ता में सुधार होता है, शरीर को आराम मिलता है और पेट से संबंधित समस्याएं भी दूर रहती हैं।
गर्मियों में ये समस्याएं दूर रहेंगी:
- एसिडिटी
- ब्लोटिंग
- सिरदर्द
- थकान
- बदहजमी